तापमान 5 डिग्री तक गिरेगा, पहले ये जिले आएंगे चपेट में।

Sandeep Jain - 12/4/2024 9:07:13 AM -

रांची। चक्रवाती तूफान का असर झारखंड में लगभग खत्‍म हो गया है। अब तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आने वाले दिनों में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। कोहरा भी देखने को मिलेगा। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र ने 3 दिसंबर, 2024 को दी।

तापमान में होगा बदलाव।
मौसम केंद्र के अनुसार राज्‍य में अगले 24 घंटे में न्‍यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद 2 दिनों के दौरान न्‍यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।

कल से ये स्थिति।
केंद्र के अनुसार 4 और 5 दिसंबर को सुबह में हल्‍के से मध्‍यम दर्जे का कोहरा या धुंध छाया रहेगा। बाद में आसमान मुख्‍यत: साफ रहेगा। मौसम शुष्‍क रहेगा।

6 से ये स्थिति :-
केंद्र के अनुसार 6 और 7 दिसंबर को सुबह में कोहरा या धुंध रहेगा। बाद में आसमान मुख्‍यत: साफ रहेगा। मौसम शुष्‍क रहेगा।

यहां पहले गिरेगा पारा।
केंद्र के अनुसार राज्‍य के दक्षिणी भाग में अगले दो दिनों में पहले तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इसका असर पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा जिले में देखने को मिलेगा। राज्‍य के शेष भाग में अगले 3 दिनों के दौरान न्‍यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

इसका रखें ख्‍याल :- 
घना कोहरा छाए रहने पर महज कुछ दूर की जगह नहीं दिखती है। ऐसे में वाहन चलाते समय सावधानी बरते। तेज गति से वाहन नहीं चलाएं। बचाव और दूसरों को सतर्क करने के लिए लाइट का हमेशा प्रयोग करें।