झारखंड में डुरंड कप के होंगे 7 मैच, राज्यपाल ने किया ट्रॉफी का अनावरण.
Sandeep Jain - 7/8/2025 8:09:39 AM -
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने एशिया का सबसे पुराने डुरंड फुटबाल टूर्नामेंट के तीन ट्रॉफी का अनावरण किया. भारतीय सेना द्वारा आयोजित यह 134वां डुरंड कप है. इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल ने कहा कि एशिया का सबसे पुराना ऐतिहासिक डुरंड कप का आयोजन होना इस बात का प्रतीक है कि झारखंड की खेल संस्कृति नई ऊंचाई को छू रही है.
जमशेदपुर के बिस्टुपुर में स्थित एक्सएलआरआई सभागार में फुटबॉल डुरंड कप ट्रॉफी का अनावरण किया गया. इस मौके पर झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, झारखंड खेल विभाग निदेशक, भारतीय सेना के पदाधिकारी, टाटा स्टील के वीपीसीएस और भारी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे. इस दौरान छउ नृत्य, संथाली नृत्य और भांगड़ा प्रस्तुत किया गया.
ब्रिटिश सेना ने की थी टूर्नामेंट की शुरूआत.
बता दें कि 1888 को शिमला में ब्रिटिश सेना द्वारा इस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था. इस आयोजन के संस्थापक के नाम पर डुरंड कप टूर्नामेंट रखा गया है. जिसे एशिया का सबसे पुराना ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट कहा जाता है. इसमें देश के विभिन्न फुटबाल क्लब भाग लेते हैं. जमशेदपुर में दूसरी बार डुरंड कप का आयोजन हो रहा है.
फाइनल विजेता को दिया जाता है तीन कप.
डुरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट 23 जुलाई से 23 अगस्त 2025 तक खेला जाएगा. जमशेदपुर में ग्रुप सी के मुकाबले खेले जाएंगे. कुल 7 मैच खेला जायेगा, जिसमें क्वाटर फाइनल भी शामिल है. सारे मुकाबले जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे. इस टूर्नामेंट में विजेता टीम को तीन कप डुरंड कप, शिमला ट्राफी, और प्रेजिडेंट कप दिया जाता है.
खेल से एकता और टीम भावना सीखने मिलती है: राज्यपाल.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि प्रतिष्ठित एवं ऐतिहासिक डूरंड कप का आयोजन राज्य के लिए गौरव का क्षण है. ऐसे आयोजनों से राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा. राज्य के युवा इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय आयोजन से काफी कुछ सीखेंगे. राज्यपाल ने कहा कि युवा शक्ति के अनुशासन और ऊर्जा को नई दिशा मिलेगी. फुटबॉल सभी वर्गों के बीच काफी लोकप्रिय खेल है. खेल से हमें एकता, अनुशासन, टीम भावना सीखने को मिलती है.
भारत सरकार ने ओलंपिक 2036 मेजबानी का किया है दावा: राज्यपाल
राज्यपाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेल के माध्यम से युवाओं को जोड़कर उनकी प्रतिभा निखारने, खेल में नए अवसर प्रदान करने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले ओलंपिक 2036 की मेजबानी का भी दावा किया है. झारखंड के कई युवाओं ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल प्रतिभा के दम पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है.
टूर्नामेंट में चार टीमें लेगी हिस्सा.
राज्यपाल ने युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने का आवाह्न किया है. राज्यपाल ने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन को बधाई दी और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी. इस टूर्नामेंट में जमशेदपुर FC, इंडियन आर्मी FT, त्रिभुवन आर्मी FC (नेपाल) और 1 लद्दाख FC की टीमें भाग लेगी.
राज्य के कई युवा खिलाड़ी ने राज्य का नाम किया रोशन: मंत्री
इस मौके पर झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों और खेलों को प्रोत्साहित करने का प्रयास है. राज्य में डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन गर्व की बात है. मंत्री ने कहा कि राज्य के कई युवा प्रतिभावान खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पटल पर राज्य का नाम रोशन किया है.






