झारखंड के 16 जिलों में डेंगू-चिकनगुनिया.

Sandeep Jain - 7/13/2025 10:25:20 AM -

झारखंड में लगातार बारिश से जगह-जगह जल जमाव की स्थिति है। ऐसे में लार्वारोधी उपायों में बरती जा रही लापरवाही बीमारियों को जन्म दे रही है। मच्छरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। मच्छर जनित रोगों की स्थिति यह है कि जून माह तक राज्य के 16 जिलों तक डेंगू पहुंच चुका है, 15 जिलों में चिकनगुनिया के मरीज मिल चुके हैं। परेशानी की बात यह है कि रांची और पलामू में जैपनीज इंसेफलाइटिस(जापानी बुखार) के दो मरीज की पुष्टि हुई है।

रिम्स, रांची और एमजीएम, जमशेदपुर के रेफरल लैब में अप्रैल से जून तक राज्यभर में डेंगू के 52, चिकनगुनिया के 36 मरीज की पुष्टि हो चुकी है। मच्छर जनित रोगों की गहनता की बात करें तो मई में राज्य के सात जिलों में चिकेनगुनिया के 9 मरीज मिले थे, जबकि जून में 9 जिलों में 15 मरीज की पुष्टि हुई है। मई में 10 जिलों में डेंगू के 14 मरीज मिले थे, जबकि जून में 10 जिलों में मरीजों की संख्या 23 हो चुकी है। इसमें डेंगू और चिकेनगुनिया के 2-2 मरीज दूसरे राज्य के हैं।

मच्छर जनित रोगों की राजधानी बनी रांची.
मच्छर जनित रोगों के मामले में राजधानी रांची सबसे ऊपर है। डेंगू, चिकनगुनिया के सर्वाधिक मरीज रांची में मिले हैं। वहीं, जैपनीज इंसेफलाइटिस के दो मरीजों में भी एक मरीज रांची में ही मिला है। बीते तीन माह में राज्यभर में डेंगू के 52 मरीज मिले हैं, जिनमें 18 मरीज रांची के हैं। उसके बाद पूर्वी सिंहभूम में 07, जबकि देवधर, गिरिडीह, हजारीबाग में 3-3 मरीज की पुष्टि हुई है। चिकेनगुनिया के कुल 36 मरीज की पुष्टि हुई है, जिनमें सर्वाधिक 13 मरीज रांची के हैं। उसके बाद हजारीबाग व रामगढ़ में 3-3 मरीज मिले हैं।

रांची में डेंगू और चिकनगुनिया की सर्वाधिक 38 % जांच.
रांची में मच्छर जनित रोगों की संख्या बेशक ज्यादा है, इसका मुख्य कारण रांची में जांच की संख्या का भी ज्यादा होना है। राज्यभर में डेंगू के 1203 सैंपलों की जांच हुई, जिनमें 38 प्रतिशत (455) केवल रांची के हैं। वहीं, चिकनगुनिया के राज्य में जांचे गए 1189 सैंपल में भी 38 प्रतिशत (455) सैंपल रांची के हैं। इसके बाद डेंगू व चिकनगुनिया के गिरिडीह में 60, हजारीबाग व पलामू में 58-58 एवं बोकारो में 52 सैंपलों की जांच की गयी है, जबकि अन्य जिलों में जांच किए गए सैंपलों की संख्या 50 से 7 तक ही है।

पश्चिमी सिंहभूम में पॉजिटिविटी रेट सर्वाधिक
रांची में ज्यादा मरीज मिलने के बावजूद पॉजिटिविटी कम है। रांची में डेंगू के जहां 4%, वहीं चिकनगुनिया के 3 प्रतिशत सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। डेंगू के पश्चिमी सिंहभूम में 22%, पूर्वी सिंहभूम में 17%, देवघर में 10% सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, चिकेनगुनिया की बात करें तो पश्चिमी सिंहभूम में 22%, दुमका में 18%, रामगढ़ में 9% व हजारीबाग में 5 प्रतिशत सैंपल एलाईजा टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं।

Leave Your Comment