दिल्ली में लगेगी ऑपरेशन सिंदूर के पेंटिंग की प्रदर्शनी।

Sandeep Jain - 12/17/2025 8:36:10 AM -

रक्षा मंत्री करेंगे दो दिवसीय पेंटिंग प्रदर्शनी का उद्घाटन।

रांची के बच्चों की पेंटिंग्स को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान : संजय सेठ।

रांची। रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ के नई दिल्ली आवास पर ऑपरेशन सिंदूर पर हुए कला महोत्सव की पेंटिंग की दो दिवसीय भव्य प्रदर्शनी लगाई जा रही है। 17 और 18 दिसंबर 2025 को चलने वाली इस भव्य पेंटिंग प्रदर्शनी का उद्घाटन रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के हाथों संपन्न होगा। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा, लोकसभा के अध्यक्ष श्री ओम बिरला, झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष गंगवार सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री, सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री इस प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। 
विदित हो कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपरांत रांची में रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ के मार्गदर्शन में ऑपरेशन सिंदूर पर भव्य कला महोत्सव आयोजित किया गया था। दो महीने से भी अधिक समय तक चले इस महोत्सव में 50 से अधिक स्कूलों के 20000 से अधिक बच्चों ने अपनी सहभागिता निभाई थी। बच्चों के इसी पेंटिंग्स की प्रदर्शनी रक्षा राज्य मंत्री के आवास पर लगाई जा रही है। 
इस बाबत रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद की कमर तोड़ने का काम किया। यह हमारे सशस्त्र सेनाओं की बहुत बड़ी उपलब्धि रही। इसका उत्सव संपूर्ण भारतवर्ष ने मनाया। रांची देश का पहला ऐसा क्षेत्र बना, जहां सेनाओं के शौर्य और पराक्रम पर कला महोत्सव मनाया गया। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने इसमें भाग भी लिया और भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को अपने रंगों से उकेरने का भी काम किया। इन्हीं पेंटिंग्स की प्रदर्शनी नई दिल्ली में लगाई जा रही है। हमारा उद्देश्य है कि रांची के बच्चों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। श्री सेठ ने दिल्ली में रह रहे रांची और झारखंड सहित देशभर के लोगों से यह आग्रह किया है कि सेना के वीर गाथा पर होने वाली इस प्रदर्शनी को अवश्य देखने आएं।