कीमत बढ़ते ही टारगेट में चांदी, उड़ा ले गये 50 लाख का…

Sandeep Jain - 2/6/2026 10:30:26 AM -

राँची : राजधानी रांची में बेखौफ चोरों ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के एक ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाते हुये करीब 16 किलो चांदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गई चांदी की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि जिस दुकान में चोरी हुई, वह स्थानीय थाने से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के बाद इलाके में तहलका मच गया है। खबर है कि बीती देर रात चोरों का एक गिरोह दुकान तक पहुंचा। सबसे पहले उन्होंने बाहर लगे CCTV कैमरे को ऊपर की ओर मोड़ दिया, ताकि उनकी हरकतें साफ न दिखें। इसके बाद दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे। दुकान में लगे CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक चोर दुकान के अंदर घुसा, जबकि 6 अन्य चोर बाहर पहरे की तरह खड़े रहे। अंदर गया चोर मुंह में टॉर्च दबाये गहनों की तलाश करता दिख रहा है। कुछ ही मिनटों में उसने चांदी के जेवर समेटे और गिरोह के साथ फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही दुकान संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने मौके पर FSL की टीम को भी बुलाकर जांच कराई।