विकास हॉस्पिटल पर बाइक सवार ने की फायरिंग,घटना सीसीटीवी में कैद।

Sandeep Jain - 2/6/2026 10:28:32 AM -

रांची । राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-20 के किनारे स्थित विकास हॉस्पिटल में बुधवार शाम करीब 4:50 बजे उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक अज्ञात बाइक सवार अपराधी ने अस्पताल की ओर फायरिंग कर दी। घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें अपराधी गोली चलाते हुए साफ नजर आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार अपराधी रांची से इरबा की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने अचानक अस्पताल की ओर गोली चलाई और विकास गोलचक्कर की दिशा में फरार हो गया। गोली अस्पताल की दीवार में जा लगी।

अपराधी ने सफेद रंग का हेलमेट पहन रखा था। घटना की सूचना मिलते ही मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से 7.65 बोर का एक खोखा बरामद किया है। अस्पताल कर्मियों व आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है। घटना के समय अस्पताल संचालक राधाचरण सिंह मौजूद नहीं थे। बाद में मौके पर पहुंचकर राधाचरण सिंह ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और हाल के दिनों में किसी प्रकार का विवाद भी नहीं हुआ है। ऐसे में फायरिंग के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।