देशभर के डॉक्टरों की हड़ताल आज से।

Sandeep Jain - 8/12/2024 10:13:19 AM -

कोलकाता। बड़ी खबर पश्चिम बंगाल से आई है, जहां कोलकाता के आरजी कर सरकारी अस्पताल की जूनियर डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या के खिलाफ देश भर के डॉक्टर आज यानी सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे।

जूनियर महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी मामले को लेकर जूनियर डॉक्टरों में काफी रोष देखा जा रहा है। इसे लेकर जूनियर डॉक्टर लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब बंगाल की ममता सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सुपरिटेंडेंट को हटा दिया है।

जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल सरकार ने रविवार को अस्पताल के सुपरिटेंडेंट संजय वशिष्ठ को हटाकर छात्र मामलों के डीन प्रो बुलबुल मुखोपाध्याय को सुपरिटेंडेंट का अतिरिक्त प्रभार दिया है।

पश्चिम बंगाल सरकार अंतर्गत कोलकाता के आर जी कर अस्पताल की जूनियर डॉक्टर की लाश 9 अगस्त को मिली थी। पोस्टमार्टम के बाद पता चला कि छात्रा के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर हत्या कर दी गई।

इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को लड़की की लाश मिलने के बाद सभी जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर हैं। वहीं ममता बनर्जी ने इस मामले में आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है।

जूनियर डॉक्टर से दरिंदगी के बाद सभी डॉक्टरों में बहुत गुस्सा है। इसे लेकर फेडरेशन ऑफ रेजिडेंशियल डॉक्टर्स एसोसियेशन इंडिया ने पूरे देशभर के डॉक्टर से हड़ताल की अपील की है।

सोशल मीडिया हैंडल एक्स में पत्र शेयर करते हुए कहा गया है कि कोलकाता में एक सेकेंड ईयर की मेडिकल छात्रा के साथ हुआ दर्दनाक घटना डॉक्टरों के इतिहास में सबसे क्रूरतापूर्ण घटना है। इसे लेकर सभी डॉक्टरों से सोमवार 12 अगस्त से हड़ताल में रहने का आग्रह किया गया है। 

इस पत्र में मांग की गई है कि जूनियर डॉक्टर के मामले को आर जी कर के जूनियर डॉक्टरों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। पुलिस डॉक्टरों के साथ बदसलूकी न करे। इस मामले में जल्दी दोषियों को पकड़ने को कहा गया है और परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई है।