जोहारग्राम’ का आगाज : CM हेमंत सोरेन ने किया ‘मेड इन झारखंड’ शोरूम का उद्घाटन

Sandeep Jain - 3/16/2026 9:10:46 AM -

रांची: झारखंड की पारंपरिक कला और संस्कृति को आधुनिक बाजार से जोड़ने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को राजधानी के करमटोली चौक के समीप ‘जोहारग्राम मेड इन झारखंड’ शोरूम का भव्य उद्घाटन किया। इस शोरूम की सबसे खास बात यह है कि यहाँ झारखंड की मिट्टी की खुशबू से रचे-बसे परिधानों को बेहद आधुनिक और आकर्षक तरीके से पेश किया गया है। शोरूम में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए पारंपरिक आदिवासी साड़ियां, बंडी, डिजाइनर टी-शर्ट, कुर्ते, ट्राइबल ज्वेलरी और अन्य सहायक उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं।

स्थानीय कारीगरों को मिलेगा बड़ा मंच
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी कला, संस्कृति, व्यंजन और पहनावे को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “ऐसे शोरूम खुलने से न केवल हमारी संस्कृति का प्रचार-प्रसार होगा, बल्कि स्थानीय बुनकरों, कारीगरों और उद्यमियों को सीधे तौर पर आर्थिक लाभ भी मिलेगा।”

शोरूम के संचालक आशीष सत्यव्रत साहू ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें शोरूम की विशेषताओं से अवगत कराया। इस मौके पर शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने झारखंडी फैशन के इस नए केंद्र की सराहना की। अब रांचीवासी एक ही छत के नीचे राज्य के बेहतरीन हस्तशिल्प और वस्त्रों की खरीदारी कर सकेंगे।