रांची । पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने
सोमवार को विधानसभा के सदस्य के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। कल्पना
सोरेन गांडेय विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनी गई हैं। झारखंड विधानसभा के
अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन की मौजूदगी में
स्पीकर कक्ष में कल्पना सोरेन को शपथ दिलाई।
कल्पना सोरेन गांडेय
उपचुनाव जीत कर पहली बार विधायक बनी हैं। लोकसभा चुनाव के साथ हुए गांडेय
विधानसभा सीट पर उपचुनाव में कल्पना सोरेन ने इंडी गठबंधन के संयुक्त
प्रत्याशी के रूप में झामुमो के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने भाजपा
प्रत्याशी दिलीप वर्मा को मात दी थी।
उल्लेखनीय है कि झामुमो
विधायक सरफराज गांडेय से विधायक थे। हेमंत सोरेन से जब ईडी पूछताछ कर रही
थी तभी ऐसी आशंका थी कि हेमंत की गिरफ्तारी हो सकती है। ऐसी स्थति में
राज्य और पार्टी के अंदर उथल-पुथल न हो और कल्पना मुख्यमंत्री पद की बागडोर
संभाल सके, इसलिए गांडेय विधानसभा सीट को खाली कराया गया। क्योंकि, गांडेय
झामुमो के लिए सुरक्षित सीट मानी जाती है।