जदयू राजग में है और रहेगा : विजय चौधरी

Puja Kumari - Jun 5 2024 8:13PM -

पटना । संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को लोकसभा चुनाव नतीजों पर संतोष व्यक्त करते हुए बिहार की जनता को साधुवाद दिया है। चौधरी ने कहा कि जदयू राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में है और उसी में रहेगा।

चौधरी ने कहा कि यूं तो एनडीए को आशा से कुछ कम सीटें जरूर मिलीं लेकिन इस जनादेश के कुछ स्पष्ट निहितार्थ एवं संदेश हैं। पहला, बिहार की जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फिर से एनडीए में जाने के फैसले को सही मानकर ठप्पा लगा दिया है। दूसरा, आज भी बिहार के लोग नीतीश कुमार के नेतृत्व एवं उपलब्धियां को पसंद करते हैं। पूरे चुनाव अभियान के दौरान जनता प्रधानमंत्री के अलावा मुख्यमंत्री के विकास कार्यों को सराह रही थी।

विजय चौधरी ने कहा कि यह स्पष्ट है कि 20 वर्षों के बाद भी नीतीश की लोकप्रियता एवं विश्वसनीयता आज भी जनता के दिलों में बरकरार है। यह अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के संबंध में भी यह शुभ संकेत है।