हेमंत सोरेन बने झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष, शिबू सोरेन संरक्षक।
Sandeep Jain - 4/16/2025 8:10:55 AM -
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के 13वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अब पार्टी का नई अध्यक्ष बना दिया गया है। वहीं, झामुमो के संस्थापक और वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन को पार्टी का संरक्षक नियुक्त किया गया है।
महाधिवेशन के दूसरे दिन, पार्टी संविधान में संशोधन कर इस फैसले पर मुहर लगाई गई। इस बदलाव के बाद अब पार्टी की कमान पूरी तरह से हेमंत सोरेन के हाथों में आ गई है। इस निर्णय को झारखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
बात दें कि संविधान संशोधन कर पार्टी में कार्यकारी अध्यक्ष का पद समाप्त कर दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभाल रहे थे। पार्टी ने संविधान संशोधन कर संस्थापक संरक्षक का नया पद बनाया है। पार्टी के अध्यक्ष शिबू सोरेन अब संस्थापक संरक्षक होंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। अब पार्टी की कमान पूरी तरह सीएम हेमंत सोरेन के हाथ में है। महाधिवेशन के दूसरे दिन 15 अप्रैल को इस संशोधन पर मुहर लग गई है।
वर्ष 2015 में कार्यकारी अध्यक्ष बने थे हेमंत सोरेन
वर्ष 2015 के जमशेदपुर महाधिवेशन में हेमंत सोरेन को कार्यकारी अध्यक्ष की जवाबदेही मिली थी। इनके नेतृत्व में पार्टी ने 2-2 विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की। हेमंत सोरेन ने लगभग 10 वर्षों तक कार्यकारी अध्यक्ष की जवाबदेही निभायी।