रांची: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड के गौरव महेंद्र सिंह धोनी शनिवार को दिउड़ी मां के दरबार पहुंचे। इस बार उनके साथ पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी थीं। लंबे समय बाद धोनी पूरे परिवार के साथ माता के दरबार पहुंचे, जहां उन्होंने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। धोनी खुद काले रंग की कार ड्राइव कर बुंडू पहुंचे। SDM किस्टो कुमार बेसरा और DSP ओमप्रकाश ने चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। नगाड़ों की थाप पर धोनी का स्वागत किया गया। पूजा करवाने वाले पंडा मनोज ने बताया, “धोनी माता से आशीर्वाद लेना कभी नहीं भूलते। आमतौर पर अकेले आते हैं, लेकिन इस बार पूरा परिवार साथ था।” धोनी की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में सेल्फी लेने की होड़ मच गई। पूरे समय बुंडू पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।
धोनी की माता दिउड़ी के प्रति असीम श्रद्धा रही है। क्रिकेट करियर के कई अहम पड़ावों पर वे यहीं सिर नवाने आते रहे हैं। धोनी को भारत के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। उनकी कप्तानी में भारत ने तीन ICC ट्रॉफी T20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीती। उन्हें खेल रत्न, पद्मश्री और पद्म भूषण जैसे बड़े सम्मान मिल चुके हैं।IPL 2025 के बाद से वे रांची में हैं और अक्सर JSCA स्टेडियम में नजर आते हैं।







