झारखंड चैंबर की उप समितियों की बैठक में व्यापारिक सुधार व उद्योग प्रोत्साहन पर जोर.
Sandeep Jain - 11/6/2025 8:32:36 AM -
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की आज कई उप समितियों की बैठक चैंबर भवन में संपन्न हुईं. बैठकों में व्यापार, उद्योग और प्रशासनिक सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिया गया.
बैठक में राज्य में एडवांस फूड टेस्टिंग लैब और मोबाइल वैन लैब की जरूरत पर जोर दिया गया. इस पर यह सुझाव दिया गया कि जब तक किसी खाद्य उत्पाद के सैंपल की जांच रिपोर्ट नहीं आती, तब तक व्यापारी का नाम सार्वजनिक न किया जाए.
उप समिति के चेयरमैन सुबोध चौधरी ने कहा कि इस माह फूड सेफ्टी विभाग के साथ एक कैंप लगाया जाएगा, जिससे व्यापारियों को लाइसेंस नवीकरण और अन्य समस्याओं का समाधान मिल सके.
चेयरमैन कुशल टेकरीवाल ने कहा कि जल्द ही हेल्थ अवेयरनेस पर भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें असली और नकली फूड की पहचान की प्रक्रिया बताई जाएगी. बैठक में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और अन्य सदस्य उपस्थित थे.
चैंबर कनेक्ट उप समिति की बैठक
बैठक में पड़ोसी राज्यों के चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के साथ संवाद बढ़ाने का निर्णय लिया गया. उप समिति चेयरमैन अनिष सिंह ने बताया कि जल्द ही एक इंटर-स्टेट चैंबर कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा ताकि अनुभवों का आदान-प्रदान हो सके. सदस्यों ने यह निर्णय लिया कि नये सदस्यों को जोड़ा जाएगा और विभिन्न राज्यों की औद्योगिक नीतियों का अध्ययन कर सरकार को सुझाव भेजे जाएंगे.
बैठक में निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने और सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने की मांग की गई. उप समिति चेयरमैन शैलेंद्र सुमन ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में छोटे व्यवसायियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बनाया जाए. यह भी तय हुआ कि सरकार को एक ज्ञापन सौंपकर इन सुझावों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी.






