स्कूल बस पलटने से 31 छात्राएं घायल.

Sandeep Jain - 11/16/2025 11:02:53 AM -

कोडरमा। जिले में शनिवार को एक स्कूल बस पलटकर 25 फीट गहरी खाई में गिर गयी, जिससे कम से कम 31 छात्राएं घायल हो गयींं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।यह हादसा रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी में कोडरमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत उस समय हुआ, जब जवाहर नवोदय विद्यालय, पुतो (चंदवारा) की छात्राओं को ले जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गयी। 

सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर 31 छात्राओं को भर्ती किया गया था, जिनमें से 10 को छुट्टी दे दी गयी है। वर्तमान में 21 छात्राएं निगरानी में हैं। तीन से चार छात्राओं को गहरी चोटें आयी हैं, लेकिन उनकी स्थिति गंभीर नहीं है। 

अधिकांश छात्राओं को शाम तक डिस्चार्ज कर दिया जायेगा। डिप्टी कमिश्नर ऋतुराज भी अस्पताल पहुंचे और घायल छात्राओं से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को हादसे की जांच के निर्देश दिये हैं। 

स्कूल के प्राचार्य अभिताभ कुमार ने बताया कि कुल 71 छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण पर राजगीर और नालंदा जा रही थीं। वे दो बसों से रवाना हुई थीं। इनमें से 31 छात्राओं वाली एक बस हादसे का शिकार हो गयी, जिससे छात्राएं घायल हुईं।