बोकारो को नितिन गडकरी का तोहफा, यहां बनेगी फोरलेन सड़क; 62 करोड़ मंजूर.

Sandeep Jain - 7/9/2025 10:57:14 AM -

बोकारो सेक्टर 6 से तेलमच्चो तक फोरलेन सड़क निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को हरी झंडी दिखा दी है। 62.2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह फोरलेन सड़क न केवल बोकारो और धनबाद के बीच यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास के नए द्वार भी खोलेगी।

यह मंजूरी बोकारोवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब साकार रूप मिल रहा है। सांसद ढुलू महतो की पहल पर यह प्रोजेक्ट संभव हो सका है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इस सड़क की आवश्यकता और स्थानीय विकास पर इसके प्रभाव को विस्तार से बताया था। इसके बाद मंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की और अब उन्हें इस संदर्भ में आधिकारिक पत्र भी प्राप्त हुआ है।

इस मार्ग पर भतुआ जैसे महत्वपूर्ण इलाके स्थित हैं, जहां सरकार ने पहले से ही इंडस्ट्रीयल नोड के लिए जमीन चिह्नित कर रखी है। इसके अलावा तुपकाडीह-तलगड़िया रेलवे लाइन का दोहरीकरण कार्य भी जारी है, जिससे यह क्षेत्र आने वाले वर्षों में रेल और सड़क दोनों माध्यमों से पूरी तरह जुड़ जाएगा।

ग्रामीण इलाकों को भी मिलेगा लाभ.
इस फोरलेन सड़क के किनारे बसे कई गांवों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। इस प्रोजेक्ट के पूरे होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि स्थानीय आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि देखने को मिलेगी।सांसद ढुलू महतो ने इस ऐतिहासिक मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि यह सड़क बोकारो के औद्योगिक भविष्य की नींव रखेगी और यहां के लोगों के लिए नए अवसर लेकर आएगी। यह सड़क परियोजना सिर्फ यातायात के लिए नहीं, बल्कि बोकारो को नए औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।