झारखंड स्थापना दिवस: रजत जयंती वर्ष का गवाह बनेगा ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम.
Sandeep Jain - 11/12/2025 8:57:49 AM -
झारखंड स्थापना दिवस को लेकर रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
रांची:झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 16 नवंबर तक राजधानी रांची में कई भव्य आयोजन किए जा रहे हैं. स्थापना दिवस का मुख्य समारोह रांची के ऐतिहासिक में मोरहाबादी मैदान में होना है. ऐसे में मोरहाबादी मैदान को सजाया संवारा जा रहा है. मोरहाबादी मैदान में एक भव्य मंच का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें मुख्य अतिथि से लेकर विशिष्ट अतिथियों के बैठने की जगह होगी.
इसी मंच से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंडवासियों को कई सौगात भी देंगे. पूरे मोरहाबादी मैदान को चारों तरफ से घेर दिया गया है. मेटल डिटेक्टर लगाकर सुरक्षा को और पुख्ता किया जा रहा है. आने वाले मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. रेस्ट रूम सहित बड़े-बड़े डाइनिंग हॉल भी बनाए जा रहे हैं.
11 नवंबर से कार्यक्रम की शुरुआत.
झारखंड स्थापना दिवस को लेकर 11 नवंबर से ही राजधानी रांची में कई तरह के कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है. 11 नवंबर से लेकर 16 नवंबर तक लगातार 6 दिनों तक कई तरह के भव्य कार्यक्रमों का लुत्फ रांची वासी उठा पाएंगे.
जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर को राजधानी के प्रमुख मार्गों पर पारंपरिक नृत्य से लेकर झारखंडी संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी. यह कार्यक्रम 'सुबह-ए-झारखंड' की थीम पर आधारित होगा.
13 नवंबर को झारखंड के समृद्ध पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 'नो योर टूरिस्ट प्लेस' साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा.
14 नवंबर को रांची नगर निगम के द्वारा चिह्नित स्थानों पर स्थापना दिवस की थीम पर वॉल पेंटिंग अभियान चलाया जाएगा.
वहीं 15 नवंबर यानी स्थापना दिवस के दिन भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर श्रद्धांजलि दी जाएगी. इस दिन खूंटी तक साइकिल रैली निकाली जाएगी. स्थापना दिवस का मुख्य समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा. जिसमें सांस्कृतिक और सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
16 नवंबर को समारोह का समापन यात्रा कार्यक्रम से होगा, जो सुबह 11:00 से जेल चौक स्थित बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान से शुरू होकर करमटोली चौक होते हुए मोरहाबादी मैदान तक पहुंचेगी. इस दौरान झारखंड की लोक परंपरा वेशभूषा और नृत्य संगीत का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा.
तीन आईपीएस, आधा दर्जन डीएसपी संभालेंगे मोर्चा.
15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह की सुरक्षा में एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है. वहीं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनेटरिंग के लिए रांची में तीन आईपीएस, आधा दर्जन डीएसपी, सहित कई अधिकारियों की तैनाती की गई है.
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता सह आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज ने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए अतिरिक्त बलों को तैनात किया जा रहा है. वैसे तो मुख्य समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में दोपहर बाद होना है, लेकिन सुरक्षा को लेकर सुबह 6 बजे से ही जवान मुस्तैद रहेंगे.
सुरक्षा के मद्देनजर शहर भर में एक हजार अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की जा रही है. सुरक्षा में तीन आईपीएस, छह डीएसपी, 40 इंस्पेक्टर और 80 दरोगा को भी लगाया जा रहा है. मोरहाबादी स्थित मुख्य आयोजन स्थल की सुरक्षा तीन लेयर में होगी. इसके अलावा बम निरोधक दस्ता, जैप, एटीएस और झारखंड जगुआर की टीम को भी तैनात किया जा रहा है.
सीसीटीवी से निगरानी.
सुरक्षा में किसी भी तरह का व्यवधान उत्पन्न ना हो, इसे देखते हुए पूरे शहर की निगरानी सीसीटीवी से की जाएगी. साथ ही सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी. समारोह स्थल में जाने वाले हर वाहनों को चेकिंग के बाद ही स्थल तक जाने दिया जाएगा. समारोह स्थल के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है. साथ ही दो ड्रोन कैमरा का भी इस्तेमाल किया जाएगा. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरा से पूरे समारोह की निगरानी की जाएगी. इसके लिए कंट्रोल रूम में आधा दर्जन से ज्यादा पुलिस अधिकारी की तैनाती की जा रही है. उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे पल-पल की रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को देंगे.
मेटल डिटेक्टर से होगी जांच.
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वालों की मेटल डिटेक्टर से जांच होगी. प्रवेश मार्ग के लिए मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं. इसके अलावा मेटल स्कैनर से भी जांच की जाएगी. पूरी तलाशी के बाद ही लोगों को कार्यक्रम स्थल तक प्रवेश करने दिया जाएगा.






